देश में कोरोना के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। इससे होने वाली मौतों की संख्या में भी इजाफा हो रहा है। इस बीच एक बार फिर मास्क पहनने की अपील हर किसी से की जा रही है, लेकिन कौन-सा मास्क किसके लिए ज्यादा सही होगा, कौन-सा ज्यादा इफेक्टिव होगा, ये सवाल सबके मन में है। आइये जानते हैं अलग-अलग तरह के मास्क, उनकी इफेक्टिवनेस और यूज के बारे में ।
मास्क कितने तरह के होते हैं?
मोटे तौर पर देखें तो मास्क दो तरह के होते हैं। पहला सर्जिकल मास्क जिनका इस्तेमाल हेल्थकेयर वर्कर्स करते हैं। दूसरा, फैब्रिक या कपड़ों से बने मास्क, जिनका इस्तेमाल आम लोग करते हैं।
N95 मास्क कोरोना वायरस जैसे संक्रमण से बचाव के लिए सबसे बेहतर मास्क माना जाता है। यह आसानी से मुंह और नाक पर फिट हो जाता है और बारीक कणों को भी नाक या मुंह में जाने से रोकता है। यह हवा में मौजूद 95 प्रतिशत कणों को रोकने में सक्षम है इसलिए इसका नाम N95 पड़ा है। वहीं, सामान्य सर्जिकल मास्क भी करीब 89.5% तक कणों को रोकने में सक्षम होता है। ये दोनों मास्क हेल्थ केयर वर्कर्स के लिए होते हैं।
वहीं, आम लोगों द्वारा पहने जाने वाले तीन लेयर वाले फैब्रिक मास्क भी बारीक कणों को करीब 94% तक रोकते हैं।